• Thu. Nov 26th, 2026

​कोतवाली नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े दबंगई: 78 वर्षीय बीमार बुजुर्ग और बहू पर धारदार हथियार से हमला

Byadmin

Nov 26, 2026

-श्रवण नाथ घाट स्थित घर में घुसकर बुजुर्ग से मारपीट और लूट का प्रयास, पांच नामजद समेत सात पर मुकदमा दर्ज
#​हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के श्रवण नाथ घाट क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक 78 वर्षीय बीमार बुजुर्ग और उनकी बहू के साथ मारपीट व लूट के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
​ *क्या है पूरा मामला?*
श्रवण नाथ घाट निवासी देवल शर्मा ने कोतवाली नगर पुलिस को दी लिखित तहरीर में बताया कि 24 नवंबर (मंगलवार) की दोपहर करीब 2:00 बजे उनके 78 वर्षीय पिता, जो हृदय रोग से पीड़ित हैं, आनन्द भवन स्थित अपने घर में मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान तन्मय शर्मा सिखौला, तनिष्क शर्मा (पुत्रगण सुमित सिखौला), आयुष पाराशर (पुत्र राजीव पाराशर), केशव शर्मा (पुत्र दीपक उर्फ मोनू) और भैरव अपने दो अन्य अज्ञात साथियों के साथ एक राय होकर धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए।
​बुजुर्ग और बीच-बचाव करने आई बहू पर हमला
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने बुजुर्ग पर प्राणघातक हमला करते हुए बही लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ थप्पड़-घूंसों व धारदार हथियार से मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बुजुर्ग का शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता की माता और पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने पत्नी के साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की, उनकी कलाई मरोड़ दी और हथियारों से हमला कर घायल कर दिया।
​आसपास के लोगों के जुटने पर भागे आरोपी
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों को मौके पर आता देख आरोपी भविष्य में मौका मिलने पर सारी बहियां लूट ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और घायल बुजुर्ग पिता व पत्नी का सरकारी अस्पताल में मेडिकल व उपचार कराया। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुख्य आरोपियों तन्मय, तनिष्क और उनके पिता सुमित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
​ *पुलिस की कार्रवाई*
कोतवाली नगर पुलिस ने 25 नवंबर की रात शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 191(2), 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी (FIR नं. 0663/2026) दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल को सौंपी गई है।

By admin