• Wed. Nov 25th, 2026

क्यूआर कोड के जरिए फर्जी पेमेंट का खेल खेलने वाले युवकों की जमकर धुनाई

Byadmin

Nov 25, 2026

#उधम सिंह नगर। रुद्रपुर में ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र के डाबर मोड़ पर दो युवक क्यूआर कोड के जरिए फर्जी पेमेंट का खेल खेलते हुए पकड़े गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक उत्तर प्रदेश नंबर की बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे और लोगों से कैश की जरूरत बताकर उनके बैंक खातों में क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भेजने का झांसा दे रहे थे। शुरुआत में कुछ लोग उनके झांसे में आ गए, लेकिन जब एक व्यक्ति ने अपने बैंक खाते की जांच की तो उसमें रकम नहीं पहुंची।

इसके बाद फर्जी पेमेंट का मामला उजागर हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची सिडकुल चैकी पुलिस दोनों युवकों को बाइक समेत अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नंबर की बाइक पर सवार होकर दो युवक सिडकुल क्षेत्र के डाबर मोड़ पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने वहां मौजूद कुछ लोगों से संपर्क किया और खुद के पास नकदी नहीं होने की बात कहते हुए नकदी की जरूरत बताई। इसके बदले उन्होंने लोगों को क्यूआर कोड के माध्यम से उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भुगतान करने का भरोसा दिया। युवकों ने लोगों से कहा कि वे क्यूआर कोड के जरिए उनके खाते में पैसे ट्रांसफर कर देंगे और इसके बदले उनसे नकद रकम ले लेंगे।

शुरुआत में उनकी बातों में आकर कुछ लोग इस लेनदेन के लिए तैयार हो गए। आरोप है कि युवकों ने फत् कोड के जरिए भुगतान करने का दावा करते हुए मोबाइल पर भुगतान का मैसेज भी दिखाया, जिसके आधार पर वे नकदी हासिल करने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, इसी दौरान एक व्यक्ति को युवकों की गतिविधियों पर शक हो गया। उसने तत्काल अपने बैंक खाते की जांच की तो उसमें भुगतान की गई रकम नहीं पहुंची थी।

इसके बाद व्यक्ति को समझ आ गया कि उसके साथ फर्जी भुगतान का खेल किया जा रहा है। आरोप है कि युवकों ने वास्तविक ट्रांजेक्शन किए बिना ही फर्जी तरीके से भुगतान का मैसेज दिखाया था। मामले का खुलासा होते ही पीड़ित व्यक्ति ने अपने परिचितों और दोस्तों को मौके पर बुला लिया। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।

घटना की सूचना तत्काल सिडकुल चैकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चैकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभालते हुए दोनों युवकों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस दोनों युवकों को उनकी बाइक समेत चैकी ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक कितने लोगों को अपने झांसे में ले चुके हैं और क्या इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

By admin