#रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम भी परंपरानुसार प्रारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर पूरा ऊखीमठ क्षेत्र बाबा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। डोली के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बाबा केदारनाथ के धाम के कपाट भैयादूज के पावन अवसर पर 11 नवंबर को सुबह 8.30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। कपाट बंद होने से पूर्व तड़के चार बजे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी एवं वेदपाठियों ने निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया।
स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके पश्चात बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर से बाहर लाई गई। सेना के बैंड की मधुर धुनों और हजारों श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के बीच बाबा की डोली ने अपने शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ की ओर प्रस्थान किया। इस ऐतिहासिक धार्मिक क्षण का साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे। केदारनाथ धाम से रवाना होने के बाद बाबा की डोली 11 नवंबर को अपने प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद 12 नवंबर की सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात डोली ने अगले पड़ाव गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान किया।
इस दौरान बाबा की डोली शेरसी, बड़ासू, फाटा, खाट-खड़िया, मैखंडा, ब्यूंग, खुमेरा, नारायणकोटी, ह्यूण और नाला सहित विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। डोली के मार्ग में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
