#देहरादून। एक बार फिर देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में पुलिस चैकी होने के बावजूद डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शुक्रवार सुबह 5 बजे के एक युवक दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को मारने की नीयत से चापड़ लेकर घुस गया। इस दौरान वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ मरीजों और तीमारदारों में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात रही की दून अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों की इमरजेंसी में मौजूदगी के चलते किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दून अस्पताल के पास किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। इसके बाद एक पक्ष अपना मेडिकल कराने दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा। उनके पीछे-पीछे दूसरे पक्ष के लोग भी इमरजेंसी में पहुंच गए। इस दौरान वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इमरजेंसी में मौजूद सुरक्षा कर्मी हमला करने आए लोगों को अस्पताल से बाहर जाने को कहते रहे, लेकिन झगड़ा करने वाले युवक सुरक्षा कर्मियों की बातों को नजरअंदाज करते हुए गाली गलौज करते रहे। अस्पताल की इमरजेंसी के समीप पुलिस चैकी भी बनाई गई है।
उसके बावजूद झगड़ा करने वाले युवक बेखौफ इमरजेंसी में घुस गए। इस पूरे मामले को लेकर अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर आर एस बिष्ट ने बताया यह घटना आज सुबह 5 बजे के आसपास की है। कुछ व्यक्ति मारपीट की चोट के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। कुछ देर के बाद दूसरा पक्ष भी अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों पक्षों के बीच फिर से मार पिटाई हो गई।
डॉ बिष्ट का कहना है कि परिसर में पुलिस चैकी होने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, इसलिए मारपीट करने वालों को नियंत्रित करने में दिक्कत आई।
वहीं, देहरादून के एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि यह घटना सवेरे लगभग 4.30 के आसपास की है, जब दो मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच आपस मार पिटाई हो गई। उस वक्त वहां एक पुलिसकर्मी मौजूद था, अगर सुरक्षा को लेकर कोई चुक हुई है तो उसको देखा जाएगा। ऐसी घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति ना हो, उसको लेकर अस्पताल में और कड़ी सुरक्षा की जाएगी।
