-चालक घायल
नैनीताल। सोमवार तड़के शहर की समीपवर्ती दो गांव क्षेत्र में दूध और अन्य डेरी प्रोडक्ट लेकर नैनीताल को आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना के बाद पहुंची ज्योलीकोट पुलिस ने घायल अवस्था में ट्रक चालक को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकला। जिसे उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया गया है। घायल चालक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सुयालबाड़ी रामगाढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार सुबह तड़के ट्रक संख्या ना04-ए 9728 से आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेरी प्रोडक्ट लेकर नैनीताल को आ रहा था। वह दो गांव के समीप पहुंचा ही था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गया।गनीमत रही की वाहन चालक ने बीच खाई में ही बाहर छलांग लगा दी। हादसे में वह घायल हो गया। सूचना के बाद ज्योलीकोट चौकी कांस्टेबल मलकीत सिंह, अनूप सिंह अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
कर्मियों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर किसी तरह चालक को खाई से बाहर निकाला। जिसे 108 की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया गया है। हादसे में वाहन में लदा हजारों का डेरी प्रोडक्ट बर्बाद हो गया। जिसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
