#हल्द्वानी। मंगलवार को एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच आपसी झड़प से हंगामा हो गया। मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल कॉलेज पहुंची। एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर प्रत्याशियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चुनावी नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। कॉलेज के बाहर बेवजह जुटी भीड़ को भी पुलिस ने खदेड़ा।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पहले से ही पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की गतिविधियों पर नजर रखी गयी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना रहा। कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी।
बता दें कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में करीब 12 हजार 800 छात्र-छात्राएं मंगलवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष समेत 11 पदों के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोटिंग हुई। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
इससे पहले हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में प्रत्याशियों ने वोटरों को रिझाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। वोटरों को अपनी ओर पूरी तरह आकर्षित करने की कोशिश की गयी। छात्रसंघ चुनाव में आमतौर पर पोस्टर, बैनर, प्रचार वाहन और समर्थकों के जरिए प्रचार किया जाता है, लेकिन अब कलाकारों और मनोरंजन कार्यक्रमों का इस्तेमाल किया भी किया गया। जिस पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
