#उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र मे फंसे 136 पर्वतारोहियों के लिए रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर दिया गया है। इसके लिए तीन हेलीकॉप्टर लगाए गए है। अबतक 21 टेकर्स को रेस्क्यू करके हर्षिल लाया गया है। अन्यों को रेस्क्यू करने का काम जारी है।
इस अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क के गोमुख-तपोवन ट्रेक पर भारी बर्फबारी के बीच फंसे 121 ट्रेकरों को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गंगोत्री धाम पहुंचा दिया है। ये सभी लोग पिछले दो-तीन दिनों के दौरान गोमुख और तपोवन क्षेत्र में ट्रेकिंग और कैंपिंग के लिए गए थे। बीते शनिवार दोपहर बाद क्षेत्र में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण ट्रेक पर आवाजाही मुश्किल हो गई और कई ट्रेकर वहीं फंस गए। सूचना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
गंगोत्री नेशनल पार्क के कनखू बैरियर प्रभारी वन दारोगा राजवीर रावत ने बताया कि बीते शनिवार को गोमुख और तपोवन क्षेत्र में भारी बर्फबारी शुरू होने के बाद वहां गए ट्रेकरों की सुरक्षित वापसी चुनौती बन गई थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रविवार को वन विभाग की टीम ने ट्रेकरों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया। प्रभारी वन दारोगा ने बताया कि लगातार बर्फबारी के साथ ट्रेक के कई हिस्सों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ था। इसके बावजूद टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया। शाम तक गोमुख और तपोवन क्षेत्र में गए सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने मौसम और ट्रेक की स्थिति को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती। उधर दूसरी ओर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 ट्रेकर्स के लिए भी रेस्क्यू अभियान शुरू हो गया है। फंसे हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग के 18 सदस्य और ऑडन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं। इनके रेस्क्यू के लिए हर्षिल में तीन हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भर ली है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है। अब तक 21 ट्रेकर्स को रेस्क्यू कर हर्षिल लाया जा चुका है।
