-पांच घायल,दो की हालत गंभीर
नैनीताल। शनिवार की सुबह नैनीताल शहर के समीपवर्ती खुर्पाताल क्षेत्र में घूमने के लिए नैनीताल आ रहे पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया।हादसे में वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पांचो घायलों को खाई से बाहर निकाल बीडी पांडे अस्पताल भिजवाया। जहां दो कि गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, वहीं अन्य तीन को उपचार दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर उत्तर प्रदेश निवासी 25 वर्षीय शिवेंद्र श्रीवास्तव शनिवार को अपने एक्सयूवी वाहन संख्या- जीजे-18बीके-9777 से घूमने के लिए नैनीताल आ रहे थे। इस दौरान वाहन में उनकी 22 वर्षीय बहन निधि श्रीवास्तव, राजस्थान निवासी 20 वर्षीय दोस्त लिवांशु, जयपुर निवासी 21 वर्षीय ऐश्वर्या और कानपुर निवासी 21 वर्षीय पिंकी गुप्ता भी सवार थी।शनिवार सुबह कालाढूंगी मार्ग से नैनीताल को आते हुए उनका वाहन खुर्पाताल से कुछ ऊपर पहुंचा ही था कि अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन पहले पहाड़ी की ओर दीवार से टकराया फिर असंतुलित होकर दूसरी ओर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। जिससे वाहन सवारों की चींख पुकार मच गई। हादसा होता देख रहा गिरोह ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मल्लीताल कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पांचो घायलों को खाई से निकाल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद शिवेंद्र और पिंकी की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि फिलहाल अन्य तीन लोगों का उपचार चल रहा है। हादसा किस वजह से हुआ कारणों की जांच के लिए पूछताछ की जा रही है।
