• Fri. Jul 24th, 2026

नदी में मिला व्यक्ति का शव

Byadmin

Jul 24, 2026

-पुलिस जांच में जुटी
रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ तहसील क्षेत्र स्थित मनसूना मुख्य बाजार में ग्रामीणों ने ऊखीमठ ग्रामीण बैंक के पास पुलिया के नीचे नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। जिसके बाद रेस्क्यू कर शव को कब्जे में लिया। इस मामले में पुलिस ने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
दरअसल, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को स्थानीय निवासी भगत सिंह ने सूचना दी कि मनसूना नदी पर बनी पुलिया के नीचे एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के निर्देश पर जिला आपदा प्रतिक्रिया बल , तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची डीडीआरएफ टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जबकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच की जा रही है कि उसकी हत्या कर फेंका गया है या कहीं से शव बहकर आया है या उसके साथ कोई हादसा हुआ। इन तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

By admin