• Fri. Jul 24th, 2026

गुलदार की खाल के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

Byadmin

Jul 24, 2026

पौड़ी। जिले के सतपुली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुलदार की खाल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि उसने दो साल पहले गुलदार का शिकार किया था, जिसका खाल को उसने घर में ही छिपाकर लिया था। अब दो साल बाद आरोपी गुलदार की खाल को हरियाणा में बेचने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपदभर में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सतपुली पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम पोखरी दुधारखाल निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है, जिसे वह बेचने के लिए हरियाणा ले जाने की योजना बना रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में थाना सतपुली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मामले की पुष्टि की। इसके बाद ग्राम पोखरी में दबिश देकर संदिग्ध संदीप कुमार धस्माना को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। शिकार के बाद उसने खाल निकालकर सुखाई और उसे अपने घर में छिपाकर रख दिया। लंबे समय से वह खाल के लिए खरीदार की तलाश कर रहा था और अब उसे बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे वन्यजीव का शिकार करना, उसकी खाल रखना और उसका व्यापार करना गंभीर व दंडनीय अपराध है। पुलिस ने आरोपी को 23 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना सतपुली में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9, 39, 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीवों के अवैध शिकार, तस्करी या वन्यजीव अंगों के कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 

By admin