• Wed. Jul 22nd, 2026

हरिद्वार पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह

Byadmin

Jul 22, 2026

-25 चोरी की बाइक बरामद
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर से कुल 25 चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए गए। बरामद वाहन हरिद्वार के रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से चोरी किए गए थे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को जमालपुर मार्ग से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को सस्ते दामों में बेच देते थे और जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मुनाफा कमाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भव्य उर्फ भोला निवासी बिजनौर और सुधीर कुमार निवासी हल्दौर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।

By admin