• Mon. Jul 20th, 2026

चमोली में बारिश का कहर

Byadmin

Jul 20, 2026
Lavc57.107.100

-हाईवे बंद, बाजार में घुसा मलबा
चमोली। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग और कई राज्य मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है। नदियां और गदेरे उफान पर हैं, जबकि भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
देर रात हुई तेज बारिश के कारण नारायणबगड़ बाजार में भारी मात्रा में मलबा और पानी घुस गया। इससे सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया. बाजार की कई दुकानों में बारिश का पानी और मलबा भरने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वहीं थराली-देवाल मोटर मार्ग पर घाघली गधेरे के पास मलबा आने से सड़क बंद हो गई थी। लोक निर्माण विभाग ने मशीनें लगाकर मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए खोल दिया है। हालांकि, घाघली गधेरे में लगातार मलबा आने की घटनाओं से राड़ीबगड़ क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके आवासीय मकानों पर लगातार खतरा मंडरा रहा है और वे भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। लगातार हो रही बारिश से पिंडर नदी भी उफान पर है। जिले के अधिकांश नदी-नाले विकराल रूप धारण किए हुए हैं। थराली-डूंगरी मोटर मार्ग भी कई स्थानों पर बाधित बताया जा रहा है, जिससे सोल घाटी के लोगों को तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है

By admin