• Sun. Jun 28th, 2026

फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियार नेटवर्क पर कार्रवाई जारी

Byadmin

Jun 28, 2026

-एसटीएफ ने की 11वीं गिरफ्तारी

रुद्रपुर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। देर रात काशीपुर में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस मामले में 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 11वें आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ को मिली सटीक सूचना, तकनीकी विश्लेषण और गहन जांच के आधार पर काशीपुर क्षेत्र में सघन छापेमारी की गई। इस दौरान फईम अहमद नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी उधम सिंह नगर जिले के थाना कुंडा क्षेत्र के बसई चौक, हरियावाला चौराहा का निवासी है और उसकी उम्र 24 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शाहजहांपुर के नाम से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस लाइसेंस को तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क कितना बड़ा है।
एसटीएफ ने इस पूरे मामले में पहले ही 4 जून को काशीपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिनके आधार पर एक-एक कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिहं ने कहा कि जांच में किसी भी व्यक्ति, लाइसेंस धारक, हथियार आपूर्तिकर्ता या किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसटीएफ के अनुसार अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा 15 अवैध हथियार, 350 कारतूस और बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

By admin