• Mon. Feb 23rd, 2026

गैंगस्टर विक्रम हत्याकांड का खुलासाःपुरानी रंजिश के चलते दिया गया वारदात को अंजाम

Byadmin

Feb 23, 2026

-दो गिरफ्तार
देहरादून। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले का एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अनुसार पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस मामले में अलग-अलग रात्यों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम अपनी कार्यवाही को अंजाम दे रही है।
दून पुलिस के अनुसार विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश कई माह पहले ही रच ली गई थी। आरोपी पहले जमशेदपुर और नोएडा में विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की फिराक में थे, लेकिन उसके साथ हमेशा लोगों के रहने के कारण योजना सफल नहीं हो सकी। घटना से करीब तीन माह पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उस जिम में काम करना शुरू कर दिया था, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था।घटना के दिन भी आरोपियों ने फोन के माध्यम से अपने साथियों को विक्रम शर्मा के जिम में होने की सूचना दी। इसके बाद जिम से बाहर निकलते समय आरोपियों ने उसे गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से किराये पर ली गई स्कूटी और बाइक का इस्तेमाल किया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि हत्या में शामिल आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर और नोएडा में दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में सामने आया कि मृतक विक्रम शर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह कई मामलों में शामिल रहा था। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों की पहचान अक्षत ठाकुर पुत्र प्रभास ठाकुर उर्फ संजीव कुमार निवासी एमई स्कूल रोड़ बाबा बरूदा अपार्टमेन्ट फ्लैट नम्बर बी-1 जुगसलाई, जमशेदपुर, झारखण्ड
व राजकुमार पुत्र शिवदत्त निवासी- गाराबास बाग बेड़ा, जमशेदपुर, झारखण्ड के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में छह अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं एसएसपी देहरादून ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

By admin