रुद्रपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित किलकारी एवं मोबाइल अकादमी कार्यक्रम की समीक्षा के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि किलकारी सेवा की सफलता में अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कार्यशाला में अरमान संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने किलकारी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह भारत सरकार की नि:शुल्क मोबाइल आधारित सेवा है, जिसके माध्यम से गर्भावस्था एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक सलाह 72 सप्ताह तक साप्ताहिक रूप से दी जाती है। कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के लिए मोबाइल आधारित प्रशिक्षण कोर्स मोबाइल अकादमी संचालित की जा रही है, जिससे वे गर्भावस्था, प्रसव एवं नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित जानकारी प्राप्त करती हैं। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु, जिला डाटा प्रबंधक चांद मियां, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर निधि शर्मा सहित समस्त ब्लॉक समन्वयक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
