• Fri. Feb 6th, 2026

जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाओं को पूरा करने की मांग उठाई  

Byadmin

Jan 10, 2026

उत्तरकाशी।  जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत गेंवला भंडारस्यूं में जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाओं को पूरा करने की मांग उठाई। लोगों ने पनोथ में पेयजल की समस्या व अलाइनमेंट की शिकायत की। वहीं, ब्रह्मखाल में सड़क मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की भी मांग उठी। शुक्रवार को विकासखंड डुंडा की न्याय पंचायत गेंवला भंडारस्यूं के इंटर कॉलेज गेंवला में दर्जाधारी गीता राम गौड़ की उपस्थिति व उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा की अध्यक्षता जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ग्रामीणों ने डांग से मसोल वाले पैच में मार्ग खोलने की शिकायत दर्ज की, जिस पर एसडीएम ने मार्ग बहाली के लिए विभाग को लोनिवि से मार्ग पर जेसीबी मंगवाकर कार्य करने के निर्देश दिए। पनोथ में पेयजल निगम को प्राथमिकता के तौर पर एक सप्ताह में पेयजल की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। आयोजित शिविर में कुल 117 लिखित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 68 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में मनवीर चौहान, केदार सिंह रावत, राजदीप परमार, शैलेंद्र कोहली, मंडल अध्यक्ष आलेंद्र भंडारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनवीर भंडारी, प्रधान संगठन अध्यक्ष कृपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य बुद्धि सिंह राणा, मदन बिजल्वाण, गिरिराज रावत आदि मौजूद रहे।

By admin