• Fri. Feb 6th, 2026

हिंदू सुरक्षा संघ का बांग्लादेश सरकार के खिलाफ का प्रदर्शन

Byadmin

Dec 24, 2025

ऋषिकेश।   बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या किए जाने पर मंगलवार को हिंदू सुरक्षा संघ के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश में हरिद्वार बाईपास से तहसील तक जुलूस निकालकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर मामले में कार्रवाई के लिए एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। मंगलवार को संघ के कार्यकर्ता दून मार्ग स्थित इंद्रमणि बडोनी चौक पर जुटे। उन्होंने यहां से बांग्लादेश सरकार का पुतला लेकर हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित गौरा देवी तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में ही तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने हिंदू समुदाय पर कथित अत्याचार के मामले में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोनू सनातनी ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। दोषियों के खिलाफ उन्होंने कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई। कहा कि सरकार को इस मुद्दे को अंतर राष्ट्रीय मंच पर भी प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है। कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिन्दू समुदाय को निशाना बनाना गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का विषय है। प्रदर्शनकारियों में संघ के प्रदेश प्रभारी विक्रांत शर्मा, संयोजक गौरव वर्मा, नरेंद्र रतूड़ी, राधेश्याम, आशु, अश्विनी, सौरभ शर्मा, जसराम, किपल, अभिषेक, आकाश, शिवम पुरोहित, अरूण, आशीष सूरज, भारत सागर, प्रवीण, नीरज, बंटी, रावण पंडित आदि शामिल थे।

By admin