देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा कार्यालय ने होटल रेजेंटा में “मानक मंथन – कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) आवश्यकताएँ, IS 26001:2024” विषय पर विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली रहे। उन्होंने कहा कि सीएसआर सतत विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और उद्योग-समाज के बीच समन्वय का सशक्त माध्यम है। विशेष अतिथि पंकज गुप्ता, अध्यक्ष इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने उद्योगों में सीएसआर के प्रभावी क्रियान्वयन और IS 26001:2024 को अपनाने से मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं राजीव रंजन, वैज्ञानिक ‘डी’ एवं सदस्य सचिव, तकनीकी समिति ने वर्चुअल माध्यम से सीएसआर की वैधानिक आवश्यकताओं और मानक के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान BIS देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख सौरभ तिवारी ने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका, मानक मंथन की उपयोगिता और प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन के महत्व पर जानकारी दी। इस आयोजन में उद्योग जगत, उपभोक्ता संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े 80 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने IS 26001:2024 को सीएसआर गतिविधियों को संरचित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों एवं हितधारकों को सीएसआर मानक IS 26001:2024 की आवश्यकताओं से अवगत कराना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संवाद व जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
