रुद्रपुर। मंगलवार को शांतिपुरी पूर्व सैनिक संगठन की ओर से सैनिक स्मारक, शांतिपुरी में विजय दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ रहे। इस दौरान बेहड़ ने सैनिक स्मारक परिसर में विधायक निधि से निर्मित कक्ष का उद्घाटन किया। विधायक बेहड़ समेत सभी पूर्व सैनिकों ने कीर्ति स्तंभ पर 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से पाकिस्तान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया था। इसके बावजूद पाकिस्तान आज भी आतंकी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जैसे आतंकी देश को करारा जवाब देने के लिए भारत के पूर्व सैनिक ही काफी हैं। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन की ओर से विधायक बेहड़ को प्रतीक चिह्न और फूल मालाओं से संगठन अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद जोशी, कर्नल गोकरन सिंह राणा एवं कर्नल आरसी जोशी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम को संगठन अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद जोशी और जवाहर नगर सैनिक संगठन के अध्यक्ष आरडी भट्ट ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, ग्राम प्रधान जवाहर नगर तारा मोहन पांडे, देवेंद्र सिंह कोरंगा, सोनू कार्की, श्याम चरण पंत, कमलेश जोशी, प्रधान दीपा जगदीश कांडपाल, प्रेम सिंह देउपा, दीवान बिष्ट, लाल सिंह कोरंगा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, डॉ. बीडी जोशी, विशन सिंह कोरंगा, नेत्र सिंह टाकुली सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
