ऋषिकेश। हिमालयन कॉलेज ऑफ नर्सिंग जौलीग्रांट में लैंप लाइटिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। जिसमें बीएससी नर्सिंग 2025 प्रथम वर्ष के 250 छात्र-छात्राओं ने सेवा-भाव का संकल्प लिया। सोमवार को जौलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के मदर टैरेसा सभागार में लैंप लाइटिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ। जिसमें छात्र-छात्राओं ने मंच पर आकर नाईटिंगल के चित्र के समक्ष मोमबत्तियां जलाने के साथ सहानूभूति और मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि नर्सिंग डायरेक्टर डॉ. रेनू धस्माना ने कहा कि फलोरिंस नाईटिंगल को लेडी विद द लैंप के नाम से पुकारा जाता है। इन्होंने ही नर्सिंग पेशे को सम्मानित दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि नर्सिंग का मकसद अपने बेहतर कामों से मरीज को नई जिंदगी देना है। मरीज का जीवन नर्सों के हाथ में होता है। नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. संचिता पुगाजंडी ने कहा कि मरीज के दर्द को समझें। इस मौके पर डॉ. कैथी, हरलीन कौर, प्रीति प्रभा, नम्रता पुंडीर, शिवांगी हेमदन आदि उपस्थित रहे। सर्जिकल प्रशिक्षण में एआई का उपयोग पर कार्यशाला कल डोईवाला। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज जौलीग्रांट के जनरल सर्जरी विभाग द्वारा 17 दिसंबर को सर्जिकल प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नौटियाल ने बताया कि इस कार्यशाला में देश-विदेश से आये विशेषज्ञ सर्जिकल शिक्षा में उभरती हुई एआई-चालित प्रौद्योगिकियों से परिचित करायेंगे। कार्यशाला में वट्टीकुटी फाउंडेशन (यूएसए) और ओआरएसआई अकडमी (बेल्जियम) के विख्यात विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इस कार्यशाला का उद्देश्य सर्जिकल प्रशिक्षण में नवाचार को बढ़ावा देना और चिकित्सा शिक्षा में वैश्विक प्रगति के अनुरूप तकनीकी-समर्थित शिक्षा को मजबूत करना है।
